आमिर, देवल ब्यूरो ,चंदवक (जौनपुर)। चंदवक थाना क्षेत्र के बन्तरी गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई राम दुलार यादव की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक के पोते ने गांव की एक महिला सहित चार लोगों पर हत्या कर शव घर के पीछे फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
पुलिस को दी गई शिकायत में मृतक के पोते आदित्य यादव ने आरोप लगाया है कि उसके दादा राम दुलार यादव की लगभग 10 बिस्वा जमीन कथित रूप से आरोपितों के नाम लिखवा ली गई थी। इस जमीन को लेकर परिवार की ओर से आपत्ति जताते हुए न्यायालय में मुकदमा दायर किया गया था। मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण जमीन का सीमांकन और अंतिम निस्तारण नहीं हो पाया था।
तहरीर में कहा गया है कि जमीन विवाद को लेकर आरोपित पक्ष परिवार से रंजिश रखता था। इसी पुरानी खुन्नस के चलते दादा की हत्या कर उनके शव को घर के पीछे फेंक दिया गया, ताकि घटना को सामान्य मौत या दुर्घटना का रूप दिया जा सके।
मृतक के परिजनों का कहना है कि घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए और मामले में नामजद लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। आरोपों के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और लोगों की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हुई हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा। वहीं मृतक के परिवार ने मामले में न्याय की मांग करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।
