आमिर, देवल ब्यूरो ,सुजानगंज (जौनपुर)। सुजानगंज थाना क्षेत्र के करगैल गांव में बुधवार को सर्पदंश की एक दुखद घटना में आठ वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करगैल गांव निवासी समय लाल सिंह की आठ वर्षीय पुत्री लक्ष्मी सिंह घर के समीप बने छप्पर में खेल रही थी। इसी दौरान उसे किसी विषैले सर्प ने डस लिया। शुरुआत में किसी को घटना की जानकारी नहीं हो सकी, लेकिन कुछ ही देर बाद बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। वह किसी तरह घर पहुंची और परिजनों के सामने बेहोश होकर गिर पड़ी।
घबराए परिजनों ने जब उसकी स्थिति देखी तो उसके पैर पर सर्पदंश जैसा निशान दिखाई दिया। इसके बाद परिवार के लोग उसे उपचार के बजाय झाड़-फूंक के लिए लेकर चले गए। हालांकि उसकी हालत लगातार बिगड़ती रही और कुछ ही समय बाद मासूम ने दम तोड़ दिया।
लक्ष्मी पूर्व माध्यमिक विद्यालय बराई में कक्षा तीन की छात्रा थी। वह पढ़ाई में रुचि रखने वाली और परिवार की सबसे बड़ी संतान थी। एक भाई और एक बहन में सबसे बड़ी होने के कारण वह परिवार की उम्मीदों का केंद्र थी। उसकी असमय मृत्यु से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बताया जाता है कि मृतका के पिता मुंबई में रहकर मजदूरी करते हैं। बेटी की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार और रिश्तेदारों में मातम छा गया। गांव के लोग भी घटना से स्तब्ध हैं और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं राजस्व विभाग की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार से मुलाकात की तथा शासन की ओर से मिलने वाली हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
इस संबंध में थाना प्रभारी अमित पांडेय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ग्रामीणों ने लोगों से अपील की है कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में चिकित्सा कराई जाए, ताकि समय रहते मरीज की जान बचाई जा सके।
