आमिर, देवल ब्यूरो ,जफराबाद (जौनपुर)। स्थानीय रेलवे जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर चार से बाहर निकलने वाले बंद छोटे गेट को पुनः खुलवाने और भविष्य में स्थायी गेट निर्माण के आश्वासन के बाद समाजसेवी जज सिंह अन्ना ने अपना आमरण अनशन समाप्त कर दिया। रेलवे अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद गुरुवार दोपहर यह गतिरोध समाप्त हुआ और यात्रियों ने राहत की सांस ली।
गौरतलब है कि रेलवे प्रशासन द्वारा प्लेटफार्म नंबर चार की ओर स्थित छोटे निकास गेट को बंद कर दिया गया था। इस निर्णय से शहर की ओर से आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। गेट बंद होने के कारण यात्रियों को स्टेशन पहुंचने अथवा स्टेशन से बाहर निकलने के लिए लगभग दो किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही थी।
स्थानीय लोगों और दैनिक यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही इस समस्या को लेकर समाजसेवी जज सिंह अन्ना ने बुधवार से प्लेटफार्म नंबर चार पर आमरण अनशन शुरू कर दिया था। उनकी मांग थी कि तत्काल बंद गेट को खोला जाए तथा यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इस स्थान पर स्थायी प्रवेश एवं निकास द्वार का निर्माण कराया जाए।
अनशन शुरू होने के बाद रेलवे प्रशासन में हलचल तेज हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुवार को लखनऊ मंडल के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता सुनील कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंद किए गए छोटे गेट को खुलवाने की कार्रवाई कराई, जिससे यात्रियों के लिए आवागमन का रास्ता पुनः बहाल हो गया।
रेलवे अधिकारियों ने जज सिंह अन्ना को आश्वस्त किया कि स्टेशन के विकास एवं विस्तार कार्य के दौरान प्लेटफार्म नंबर चार की ओर स्थायी गेट निर्माण का प्रस्ताव भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। अधिकारियों के इस आश्वासन के बाद जज सिंह अन्ना ने अपना आमरण अनशन समाप्त कर दिया।
वरिष्ठ अनुभाग अभियंता सुनील कुमार ने उन्हें जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। इस दौरान रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।
अनशन समाप्त होने के बाद स्थानीय नागरिकों और यात्रियों ने रेलवे प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत किया। लोगों का कहना है कि गेट खुलने से स्टेशन तक पहुंचना आसान होगा और यात्रियों को अनावश्यक दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
इस अवसर पर आरपीएफ के उपनिरीक्षक अजय कुमार, चौकी प्रभारी प्रभुनारायण सिंह, सुमित कुमार, राधेश्याम सिंह, अमूल्य सिंह, विवेकानंद यादव, मनोज मिश्र सहित अनेक गणमान्य नागरिक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन भविष्य में भी यात्रियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए स्थायी गेट निर्माण की दिशा में शीघ्र कदम उठाएगा, जिससे स्टेशन पर आने-जाने वाले लोगों को और अधिक सुविधा मिल सके।
