देवल, ब्यूरो चीफ,डाला, सोनभद्र। हाथीनाला थाना क्षेत्र में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर मंगलवार की भोर एक भीषण सड़क हादसे में छह लोग घायल हो गए। तेज रफ्तार अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े खराब ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार हादसा हाथीनाला थाना से लगभग 400 मीटर पहले तड़के करीब तीन बजे हुआ। एक ट्रेलर तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान रॉबर्ट्सगंज से बैढ़न की ओर जा रही अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर ट्रेलर के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही हाथीनाला पुलिस एवं 102 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। तीन घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन तथा तीन अन्य को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजा गया। सीएचसी दुद्धी में भर्ती घायलों की पहचान विवेक शुक्ला (45) पुत्र कुंजन शुक्ला, मोहम्मद सैफ (35) पुत्र मोहम्मद नसीम तथा शहबाज (40) पुत्र मोहम्मद सेराज निवासी बैढ़न, सिंगरौली (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, सीएचसी चोपन में भर्ती अन्य तीन घायलों को भी बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। सभी घायलों का उपचार जारी है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है। भोर में हुए इस हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर खड़े खराब वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और संकेतकों की कमी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
.jpg)