देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र द्वारा सोमवार को स्थानीय कार्यालय परिसर में उद्यमी एवं व्यवसायी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त उद्योग विनोद चौधरी ने की। संवाद कार्यक्रम में जिले के उद्यमियों, व्यापारियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर उद्योग एवं व्यापार से जुड़ी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा उद्योग, व्यापार, निवेश, रोजगार और एमएसएमई क्षेत्र के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि उद्योग स्थापना की प्रक्रियाओं को सरल बनाए जाने से निवेश को बढ़ावा मिला है तथा रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। संवाद के दौरान उद्यमियों और व्यापारियों ने वित्तीय सहायता, बैंक ऋण स्वीकृत, सिंगल विंडो सिस्टम की प्रभावशीलता, स्थानीय युवाओं को रोजगार, औद्योगिक आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा विपणन सहायता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। अधिकारियों ने समस्याओं के त्वरित निस्तारण का आश्वासन देते हुए कहा कि उद्योग एवं व्यापार के अनुकूल वातावरण तैयार करना सरकार की प्राथमिकता है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने कहा कि स्थानीय उत्पादों के विपणन एवं ब्रांडिंग के लिए तैयार कार्ययोजना की जानकारी व्यापारियों तक पहुंचाने हेतु कार्यशालाओं का आयोजन किया जाना चाहिए। उन्होंने सोनभद्र जैसे औद्योगिक जनपद में स्थानीय युवाओं को उद्योगों में प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने तथा स्थानीय उद्यमियों को बड़े उद्योगों की आपूर्ति श्रृंखला से जोड़ने के लिए उद्योग विभाग एवं रोजगार कार्यालय द्वारा ठोस कार्ययोजना तैयार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि निवेशकों और स्थानीय व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए तथा बंद अथवा बीमार उद्योगों को पुनर्जीवित कर रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएं। साथ ही उद्यमियों की शिकायतों के निस्तारण के लिए प्रभावी तंत्र सक्रिय करने, औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली, सड़क और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा एमएसएमई इकाइयों को मिलने वाली योजनाओं का लाभ अधिकाधिक स्थानीय लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने नए उद्यमियों को प्रशिक्षण एवं तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की। बैठक में अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड, लीड बैंक अधिकारी सहित व्यापार एवं उद्योग जगत से जुड़े विमल अग्रवाल, मनोज जालान, राजेश गुप्ता, आनंद जायसवाल, शरद जायसवाल, नागेंद्र मोदनवाल, विनय जायसवाल, दिनेश सिंह समेत बड़ी संख्या में व्यापारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।
.jpg)