देवल संवाददाता, इन्दारा।कोपागंज थाना क्षेत्र के इंदारा पूर्वी रेलवे क्रासिंग के समीप सोमवार की सुबह प्रेम प्रसंग को लेकर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। शाहपुर गांव निवासी एक युवक प्रेमिका से शादी कराने की जिद में रेलवे लाइन के नजदीक लगे हाईटेंशन बिजली के खंभे पर चढ़ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब डेढ घंटे तक समझा-बुझाकर युवक को नीचे उतार लिया।सोमवार की सुबह करीब नौ बजे शाहपुर गांव निवासी अवनीश मौर्या की दो वर्ष से रसूलपुर दोहरीघाट निवासी एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था युवक शादी के लिए पिता से कहा लेकिन स्वजन शादी के लिए राजी नही होने पर विवाद होने के बाद युवक गुस्से में इंदारा पूर्वी क्रासिंग के सिवान में पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देखते ही देखते वह इंदारा पूर्वी रेलवे क्रासिंग के समीप हाईटेंशन बिजली के खंभे पर चढ़ गया। इसके बाद चिल्ला-चिल्लाकर प्रेमिका से शादी कराने की मांग करने लगा। युवक को जान जोखिम में देख ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। कोई युवक को नीचे उतरने की सलाह देता नजर आया तो कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाने में जुट गए। सूचना मिलते ही अदरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को हटाकर युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। कई बार युवक नीचे उतरने को तैयार हुआ,लेकिन फिर शादी की जिद पकड़कर खंभे पर बैठ जाता। करीब डेढ घंटे की मशक्कत, समझा इश और सूझबूझ के बाद पुलिस युवक को सकुशल नीचे उतारने में सफल रही। इसके बाद पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। कोपागंज थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र नाथ राय ने बताया कि युवक की तबियत बिगड़ गई है जिसको इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
