रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 के खिताब को अपने नाम कर लिया। टीम दूसरी बार चैंपियन बनी है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में विराट कोहली ने महफिल लूट ली। उन्होंने नाबाद 75 रन बनाकर आरसीबी के लिए दूसरी ट्रॉफी सुनिश्चित की। बेंगलुरु के लिए इस सीजन कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें विराट, भुवनेश्वर कुमार और कप्तान रजत पाटीदार शामिल रहे।
आरसीबी के खेमे में एक ऐसा खिलाड़ी रहा, जिसने पूरे सीजन शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि, विराट, भुवनेश्वर, पाटीदार और देवदत्त पडिक्कल जैसे प्लेयर्स के प्रदर्शन की वजह से उसकी बात नहीं हुई। ये कोई और नहीं बल्कि युवा तेज गेंदबाज रासिख सलाम डार हैं। उन्होंने बेंगलुरु को चैंपियन बनाने में इस सीजन अहम भूमिका निभाई है।
रासिख सलाम डार की शानदार गेंदबाजी
रासिख सलाम डार ने टीम के लिए अहम मौकों पर शानदार प्रदर्शन किया। पूरे सीजन उनकी स्लोवर डिलीवरी बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली की तरह रही। उन्होंने बेंगलुरु के लिए मध्य और अंतिम ओवरों में भी शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में भी सलाम के नाम 3 विकेट रहे। डार पिछले सीजन भी आरसीबी का हिस्सा थे लेकिन उन्होंने आईपीएल में डेब्यू मुंबई इंडियंस के लिए किया था।
विराट ने इस सीजन बेंगलुरु के लिए 675 रन बनाए, जो इस सीजन चौथे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उनके भुवेनश्वर कुमार ने 28 विकेट चटकाए। रजत पाटीदार ने भी कुछ ऐसी पारियां खेली, जिसने मैच की दिशा और दशा तय कर दी। गुजरात के खिलाफ नाबाद 93 रनों की उनकी पारी को भला कौन भूल सकता है। हालांकि, इस बीच रासिख के प्रदर्शन को लेकर अधिक चर्चा नहीं हुई।
IPL 2026 में रासिख सलाम डार का प्रदर्शन
आईपीएल 2026 में रासिख ने कमाल की गेंदबाजी की और पूरे सीजन के दौरान 19 विकेट अपने नाम किए। 26 वर्षीय गेंदबाज को सभी मुकाबलों में खेलने का मौका भी नहीं मिला। हालांकि, जब उन्हें टीम ने मौका दिया उन्होंने किसी को निराश नहीं किया। सलाम ने 12 मुकाबलों में 9.46 की इकोनॉमी से रन खर्चे और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/24 रहा। उनकी 10 से कम की इकोनॉमी ऐसे सीजन में रही, जहां बल्लेबाजों का बोलबाला रहा और 65 बार टीमों ने 200+ का स्कोर पार किया।
