आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिले की राजनीति में मंगलवार को उस समय हलचल मच गई जब आम आदमी पार्टी (आप) की कई महिला पदाधिकारियों ने पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इन नेताओं का पार्टी में स्वागत किया गया।
भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत प्रजापति ने आम आदमी पार्टी की जिला सचिव अनीता श्रीवास्तव, महिला जिला अध्यक्ष अनीता मिश्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष साधना त्रिपाठी तथा सदस्य प्रियंका दुबे को भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर और माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
सदस्यता ग्रहण करने के बाद नवागत नेताओं ने कहा कि वे भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा, विकासोन्मुख नीतियों और संगठन की कार्यशैली से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुई हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा के मंच से वे समाज और महिलाओं के हितों के लिए अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सकेंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के कार्यकर्ता और पदाधिकारी लगातार भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के सिद्धांत पर कार्य कर रही है, जिसके कारण लोगों का भरोसा पार्टी पर लगातार बढ़ रहा है।
जिला अध्यक्ष ने पार्टी में शामिल हुई सभी महिला नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन में उन्हें पूरा सम्मान और जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके जुड़ने से पार्टी को और मजबूती मिलेगी तथा संगठन का जनाधार व्यापक होगा।
इस अवसर पर भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान संगठन को मजबूत बनाने तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की गई।
.jpeg)