आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जाफराबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक युवक की हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जगदीश उपाध्याय (60 वर्ष) अपने पोते आकाश (19 वर्ष), पुत्र कमलेश, के साथ बाइक से जौनपुर शहर दवा लेने आए थे। दवा लेकर दोनों घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक जाफराबाद थाना से लगभग 100 मीटर पहले विजय प्रताप स्कूल के पास पहुंची, सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
दूसरी बाइक पर सवार आनंद प्रकाश (24 वर्ष), पुत्र महेंद्र, निवासी पुरोसारा टोली, थाना घाघरा, जनपद झारखंड, भी दुर्घटना की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय नागरिकों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस के पहुंचने पर सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया।
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने आकाश की हालत चिंताजनक पाई। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं जगदीश उपाध्याय और आनंद प्रकाश का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
