आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश स्तर पर आयोजित मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह का लखनऊ से सीधा प्रसारण भी देखा गया।
कार्यक्रम में विधायक जफराबाद जगदीश नारायण राय, विधान परिषद सदस्य ब्रजेश सिंह "प्रिंसु", जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन., मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मेधावी विद्यार्थियों को चेक, प्रशस्ति-पत्र एवं मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह की सबसे उल्लेखनीय उपलब्धि उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की हाईस्कूल परीक्षा में रही, जहां श्री राम प्रसाद संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोपालपुर सिकरारा के छात्र विजय यादव ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में चौथा स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि पर उन्हें लखनऊ में मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।
जनपद की मेधा सूची में हाईस्कूल वर्ग में राजशेखर सिंह ने 95.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि इंटरमीडिएट परीक्षा में रजनीश श्रीवास्तव ने 91.40 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा विभिन्न विद्यालयों के अनेक छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन किया।
शैक्षिक उपलब्धियों के आंकड़ों पर नजर डालें तो हाईस्कूल परीक्षा में कुल 77,043 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 73,536 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित हुए। इनमें 66,234 विद्यार्थी सफल रहे और जिले का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 90.07 दर्ज किया गया। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में 76,991 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 73,736 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें 54,937 सफल रहे। इंटरमीडिएट का उत्तीर्ण प्रतिशत 74.47 रहा।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक जगदीश नारायण राय ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एमएलसी ब्रजेश सिंह "प्रिंसु" ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार और नवाचार कर रही है। बेहतर शैक्षिक वातावरण का ही परिणाम है कि प्रदेश के छात्र-छात्राएं विभिन्न प्रतियोगिताओं और परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने छात्रों को व्यक्तित्व विकास, संवाद कौशल, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी सजग रहने की सलाह दी। साथ ही हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में अभिव्यक्ति क्षमता विकसित करने तथा निरंतर अध्ययन और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी मेधावी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी गई। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने विश्वास व्यक्त किया कि जौनपुर के ये प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे।
