आमिर, देवल ब्यूरो ,मछलीशहर, जौनपुर। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बनाए जा रहे मोबाइल ग्रुपों के माध्यम से युवाओं के अपराध की ओर बढ़ने की प्रवृत्ति को लेकर मछलीशहर पुलिस प्रशासन ने चिंता जताई है। इसी क्रम में सोमवार देर रात कोतवाली परिसर में क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रतिमा वर्मा की अध्यक्षता में व्यापारियों, पेट्रोल पंप संचालकों, पत्रकारों और सामाजिक प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए सीओ प्रतिमा वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर युवाओं द्वारा बड़ी संख्या में ग्रुप बनाए जा रहे हैं। प्रारंभ में ये समूह सामान्य बातचीत और मेलजोल के लिए बनते हैं, लेकिन कई मामलों में यही ग्रुप आगे चलकर आपराधिक गतिविधियों का माध्यम बन जाते हैं।
उन्होंने बताया कि ऐसे ग्रुपों से जुड़े सदस्य आपस में लगातार संपर्क में रहते हैं और धीरे-धीरे संगठित होकर अपने समूह को एक पहचान देने लगते हैं। कई बार ये लोग अपने ग्रुप या गैंग का नाम रखकर समाज में भय और दबदबा बनाने का प्रयास करते हैं। आधुनिक जीवनशैली और बढ़ती आर्थिक आवश्यकताओं के दबाव में कुछ युवक धन अर्जित करने के लिए गलत रास्ता अपनाने लगते हैं, जिससे अपराध की घटनाओं को बढ़ावा मिलता है।
सीओ ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को इस विषय पर सजग रहने की आवश्यकता है। अभिभावकों, व्यापारियों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों को युवाओं की गतिविधियों पर नजर रखनी चाहिए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को उपलब्ध करानी चाहिए।
उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि अपराध रोकथाम के उद्देश्य से दी गई सूचनाओं को पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा और सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान सार्वजनिक नहीं की जाएगी। पुलिस और समाज के संयुक्त प्रयासों से ही युवाओं को अपराध के रास्ते पर जाने से रोका जा सकता है।
बैठक में प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने भी कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने नागरिकों से पुलिस के साथ सहयोग बनाए रखने और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
इस अवसर पर पेट्रोल पंप संचालक श्यामसुंदर यादव, व्यवसायी राजेश अग्रहरि, विभिन्न समाचार पत्रों के पत्रकार, यूट्यूबर तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
