देवल संवाददाता, मऊ।श्रीसिद्धनाथ इंटरमीडिएट कॉलेज, सिधवल के पूर्व प्रबंधक स्वर्गीय राघवेंद्र बहादुर सिंह उर्फ मुन्नन सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर रविवार को विद्यालय परिसर में उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, प्रधानाचार्य, प्रबंधक तथा क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि एवं विधान परिषद सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ने प्रतिमा का अनावरण करने के बाद श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राघवेंद्र बहादुर सिंह अत्यंत सरल स्वभाव, जिंदादिल और समाजसेवी व्यक्तित्व के धनी थे। शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
उन्होंने कहा कि बड़े भाई के रूप में उन्हें सदैव राघवेंद्र बहादुर सिंह का मार्गदर्शन मिलता रहा। विद्यालय एवं क्षेत्र के विकास के लिए वे जीवनभर प्रयासरत रहे। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा। उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि उनके अधूरे सपनों को पूरा किया जाए तथा क्षेत्र के विकास की उनकी सोच को आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने विद्यालय परिवार को हर संभव सहयोग देने का भी आश्वासन दिया।
श्रद्धांजलि सभा को नेहरू इंटर कॉलेज रतनपुरा के प्रबंधक राणा प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, पूर्व प्रत्याशी सदर मऊ भाजपा अशोक कुमार सिंह,भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य, वरिष्ठ सपा नेता चंद्रशेखर सिंह, डीएवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य देव भास्कर तिवारी, सरदार वल्लभभाई पटेल इंटर कॉलेज हलधरपुर के प्रधानाचार्य अवनीश कुमार सिंह, छिछोर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेश कुमार यादव, पूर्व सैनिक परमात्मा सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश सिंह, शिक्षक नेता जयंत सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक गौतम प्रसाद तथा जिला समन्वयक चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव सहित अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया। इस अवसर पर जनपद के दर्जनों विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रबंधक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य जाबालि कुमार मौर्य, डॉ. अजय कुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह सहित विद्यालय परिवार के सदस्यों ने आगंतुक अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक सचिन्द्र कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन अजय कुमार तिवारी ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान रमेश रतनपुरी के गीतों पर उपस्थित लोग भावविभोर होकर झूमते नजर आए। समारोह उस समय अत्यंत भावुक हो गया, जब प्रतिमा अनावरण के दौरान स्वर्गीय राघवेंद्र बहादुर सिंह की पत्नी एवं पुत्री फूट-फूटकर रोने लगीं। वहां मौजूद गणमान्य लोगों ने उन्हें सांत्वना दी। इस मार्मिक दृश्य को देखकर उपस्थित लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
