देवल संवाददाता, मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। वलीदपुर नगर पंचायत क्षेत्र में लगभग 50 वर्ष पूर्व निर्मित ओवरहेड पानी टैंक (हेड टैंक) अब पूरी तरह जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। टैंक की दीवारों और छत पर जगह-जगह दरारें दिखाई दे रही हैं, जिससे नगरवासियों में सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। वहीं गर्मी के मौसम में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगरवासियों का कहना है कि नगर की 50 हजार की बड़ी आबादी के लिए टैंक से सप्लाई लगभग 10 वर्ष पूर्व से बंद चली आ रही है जिससे लोगों को इस बढ़ती हुई गर्मी में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है मोहल्लों में पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुंच रहा, जिससे लोगों को निजी हैंडपंपों और अन्य वैकल्पिक स्रोतों का सहारा लेना पड़ रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ पानी की मांग भी बढ़ गई है, लेकिन व्यवस्था चरमराने से स्थिति और गंभीर हो गई है। इतनी बड़ी आबादी को 150 इंडिया मार्का हैंड पम्प और 130 समरसेबल जिसमें अधिकांश खराब पड़े हुए हैं इसी व्यवस्था पर लोगों की प्रचण्ड गर्मी की प्यास बुझाई जा रही है।
मनोनीत सभासद मनीष वर्मा प्रमोद सोनकर शशि प्रभा सिंह अजमल नइम ताडक आदि नगरवासियों का आरोप है कि जर्जर टैंक की मरम्मत और नए टैंक के निर्माण की मांग कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष उठाई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो टैंक के किसी बड़े हादसे का भी खतरा बना रहेगा। सामाजिक संगठनों और नगरवासियों ने प्रशासन से तत्काल तकनीकी जांच कराकर टैंक की मरम्मत या नए ओवरहेड टैंक के निर्माण की मांग की है। उनका कहना है कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा को लेकर लापरवाही उचित नहीं है। नगरवासियों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान सुनिश्चित करेगा, ताकि गर्मी के मौसम में पेयजल संकट से राहत मिल सके और लोगों को सुरक्षित और नियमित जलापूर्ति मिल सके। इस बाबत एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री ने बताया कि इस मामले पर नगर पंचायत अध्यक्ष और उच्च अधिकारियों से वार्ता कर नगर वासियों के समस्याओं को दूर किया जाएगा।
