देवल, ब्यूरो चीफ,दुद्धी, सोनभद्र। लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग सेंटर में हुए दर्दनाक अग्निकांड में जान गंवाने वाले छात्रों की स्मृति में दुद्धी में श्रद्धांजलि सभा एवं कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। विश्व हिंदू महासंघ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व विश्व हिंदू महासंघ उत्तर प्रदेश किन्नर प्रकोष्ठ (प्रयाग एवं काशी क्षेत्र) की क्षेत्रीय अध्यक्ष महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 मां किरन नंदगिरी ने किया।
श्रद्धांजलि सभा महामंडलेश्वर मां किरन नंदगिरी के आवास पर आयोजित हुई, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं किन्नर समाज के लोगों ने दिवंगत छात्रों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति एवं शोक संतप्त परिवारों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। सभा के बाद निकाले गए कैंडल मार्च में सैकड़ों लोग हाथों में मोमबत्तियां लेकर मौन भाव से शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल रहा। प्रतिभागियों ने हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों के अधूरे सपनों को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने संबोधन में महामंडलेश्वर मां किरन नंदगिरी ने कहा कि लखनऊ की यह घटना अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। बेहतर भविष्य के सपने लेकर पढ़ाई कर रहे बच्चों का इस प्रकार असमय दुनिया छोड़ जाना पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की। कार्यक्रम में वक्ताओं ने शिक्षा संस्थानों में अग्नि सुरक्षा एवं अन्य सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया। रामभजन यादव ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने श्रद्धांजलि सभा में शामिल सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दुद्धी एवं रामनगर क्षेत्र के लोगों ने अपनी संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया है। इस अवसर पर महंत लाडो नंदगिरी सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और समाज से सुरक्षा मानकों के प्रति अधिक जागरूक रहने का आह्वान किया। मौके पर मीरा नंदगिरी, सरस्वती नंदगिरी, चमेली नंदगिरी, सोनी नंदगिरी, सपना नंदगिरी, लक्ष्मी नंदगिरी आदि मौजूद रहीं।
.jpg)