देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। सवर्ण आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वेश पांडेय ने शनिवार को राबर्ट्सगंज स्थित रामलीला मैदान में आयोजित संगठन के कार्यक्रम में समाज को एकजुटता का संदेश देते हुए शैक्षिक, सामाजिक और सांस्कृतिक उत्थान के लिए संगठित होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रों की सहायता तथा समाज के हितों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने की जरूरत बताई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सर्वेश पांडेय का संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज की सबसे बड़ी आवश्यकता एकता और संगठन है। समाज की मजबूती तभी संभव है जब सभी लोग मिलकर शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक विकास के क्षेत्र में सकारात्मक योगदान दें। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में सवर्ण समाज के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को अपने इतिहास और विरासत से परिचित कराना आवश्यक है। साथ ही समाज की घटती जनसंख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए इस विषय पर गंभीर चिंतन की आवश्यकता बताई। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भगवान परशुराम मंदिर निर्माण में तन, मन और धन से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की शिक्षा में हरसंभव मदद की जानी चाहिए, ताकि संसाधनों के अभाव में कोई भी छात्र पीछे न रह जाए। उन्होंने ऐसे छात्रों की व्यक्तिगत स्तर पर भी सहायता करने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बिहार में भरत तिवारी की मौत के मामले का उल्लेख करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय होने पर समाज को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए। सर्वेश पांडेय ने स्पष्ट किया कि संगठन का उद्देश्य समाज को संगठित करना और सामाजिक हितों के लिए कार्य करना है। उन्होंने कहा कि
संगठन किसी जाति या वर्ग के विरोध में नहीं है, लेकिन समाज के हितों के विरुद्ध कार्य करने वालों का समर्थन नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
.jpg)