आमिर, देवल ब्यूरो ,महराजगंज ।जौनपुर थाना क्षेत्र के सराय दुर्गादास (नखतपुर) गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में किसान की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। खेत में धान की बुआई कर रहे किसान के अचानक करंट लगने से मौके पर ही दम तोड़ देने की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार नखतपुर गांव निवासी रामलाल गौतम (41 वर्ष) बुधवार को अपने खेत में धान की बुआई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक विद्युत करंट की चपेट में आ गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने और उपचार के लिए ले जाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। ग्रामीणों का अनुमान है कि खेत में लगी झटका मशीन या किसी विद्युत स्रोत में प्रवाहित करंट इस हादसे का कारण हो सकता है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
मृतक किसान की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि रामलाल गौतम खेती-किसानी के माध्यम से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मृत्यु से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कराने, यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है।
किसान की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों और क्षेत्रीय लोगों ने दिवंगत किसान के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
.jpeg)