आमिर, देवल ब्यूरो ,केराकत (जौनपुर)। केराकत कोतवाली क्षेत्र के धरौरा गांव में रास्ते के पुराने विवाद को लेकर एक 68 वर्षीय बुजुर्ग की कथित रूप से लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स गांव में तैनात कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी रात में मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
मृतक की पहचान धरौरा गांव निवासी रामदुलार सरोज (68 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि बुधवार देर रात जब रामदुलार अपने घर में सो रहे थे, तभी उनके ही पट्टीदारों ने उन पर हमला कर दिया। लोहे की रॉड से किए गए हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के पुत्र लोहा सरोज ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि परिवार के कुछ लोग मकान निर्माण का कार्य करा रहे थे। इसी दौरान रास्ते के इस्तेमाल को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया था। शाम के समय कहासुनी और विवाद भी हुआ था, लेकिन बाद में मामला शांत हो गया। आरोप है कि रात में इसी रंजिश को लेकर विपक्षी पक्ष के लोगों ने हमला कर घटना को अंजाम दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया।
मृतक के पुत्र की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सती, शुभम, अमरेश और कृष्ण समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।
