आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) समीर ने मंगलवार को स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र के दो परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों, छात्र उपस्थिति तथा विद्यालयी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने तथा आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बीएसए सुबह लगभग 10 बजे प्राथमिक विद्यालय केशवपुर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान सभी शिक्षक समय से उपस्थित मिले, लेकिन विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति नगण्य पाई गई। इस स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका फिरदौस फातिमा को निर्देशित किया कि शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क करें और उन्हें बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा के प्रति अभिभावकों की जागरूकता बढ़ाना भी शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
इसके बाद बीएसए पीएमश्री विद्यालय विथार पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में जाकर शिक्षण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके अधिगम स्तर का आकलन किया तथा शिक्षकों को बच्चों की शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की व्यवस्थाओं और शैक्षणिक वातावरण पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने छात्र उपस्थिति को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनजर बीएसए ने विद्यालय प्रशासन को अभी से व्यापक तैयारियां शुरू करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि विद्यार्थियों को योग के महत्व, उसके स्वास्थ्य लाभ और दैनिक जीवन में उसकी उपयोगिता के बारे में जागरूक किया जाए, ताकि योग दिवस का आयोजन प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान बीएसए समीर ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए शिक्षकों को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में ऐसा शैक्षणिक वातावरण विकसित किया जाए, जिससे बच्चों की सीखने की क्षमता में निरंतर वृद्धि हो और उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने शिक्षकों को समयबद्धता का कड़ाई से पालन करने की भी चेतावनी दी। बीएसए ने स्पष्ट कहा कि विद्यालयों में किसी भी शिक्षक की अनियमितता या देर से उपस्थिति पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। सभी शिक्षकों को निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचकर अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।
निरीक्षण के दौरान विंध्यवासिनी उपाध्याय, फिरदौस फातिमा, विद्योतमा उपाध्याय सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
