देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। विंध्याचल मंडल मीरजापुर के आयुक्त राजेश प्रकाश ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के फ्लैगशिप कार्यक्रमों एवं जनसुनवाई शिकायतों की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने तथा जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक में आयुक्त ने विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने एडीएम (नमामि गंगे) को 15 गांवों का स्थलीय निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। साथ ही जनशिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक नियमित जनसुनवाई सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना एवं विकास कार्यों की समीक्षा में उन्होंने उपायुक्त उद्योग को कम ऋण वितरण करने वाले
बैंक प्रबंधकों के साथ जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर ऋण वितरण की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग को लेकर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने एडीएम (राजस्व) को राजस्व मामलों के निस्तारण में तेजी लाने तथा प्रतिदिन सायंकाल सभी उपजिलाधिकारियों एवं राजस्व अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर प्रगति की निगरानी करने का निर्देश दिया। बैठक में 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित राजस्व, विकास एवं निर्माण कार्यों से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
.jpg)