देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री ने शनिवार को सर्किट हाउस सभागार में आकांक्षी जनपद कार्यक्रम एवं सांसद निधि से संचालित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनपद में नेटवर्क कनेक्टिविटी, पर्यटन विकास और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोनभद्र को मॉडल जनपद के रूप में विकसित करने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
समीक्षा बैठक में केंद्रीय मंत्री ने मोबाइल एवं इंटरनेट नेटवर्क की समस्या वाले क्षेत्रों का विस्तृत सर्वे कर कार्ययोजना तैयार करने और उसे शासन स्तर पर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में बेहतर संचार व्यवस्था विकास की आधारशिला है और दूरस्थ क्षेत्रों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित की जानी चाहिए। बैठक के दौरान मंत्री ने सोनभद्र से अपने आत्मीय संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्यसभा सांसद रहने के दौरान जिले की जनता से मिला स्नेह और विश्वास आज भी उन्हें यहां के विकास के लिए कार्य करने को प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध होने के बावजूद वर्षों तक विकास संबंधी चुनौतियों का सामना करने वाले सोनभद्र ने पिछले कुछ वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में नीति आयोग द्वारा आकांक्षी जनपद घोषित किए जाने के बाद केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से जिले के विकास को नई दिशा मिली। जुलाई 2020 में सोनभद्र देश का शीर्ष आकांक्षी जनपद बना और अक्टूबर-दिसंबर 2025 की डेल्टा रैंकिंग में भी प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए कृषि एवं जल संसाधन क्षेत्र में देश का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला जिला बना। सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत वर्ष 2018-19 से 2025-26 तक लगभग 37.80 करोड़ रुपये की लागत से 719 विकास कार्य पूरे किए गए। इनमें विद्यालय भवन, हाईमास्ट लाइट, यात्री प्रतीक्षालय, चिकित्सा उपकेंद्रों का सुदृढीकरण, सड़क निर्माण और विद्युतीकरण जैसे कार्य शामिल हैं। पर्यटन विकास की संभावनाओं पर जोर देते हुए मंत्री ने जिलाधिकारी चर्चित गौड़ को जिले के ऐतिहासिक, धार्मिक, प्राकृतिक एवं सांस्कृ तिक स्थलों के विकास के लिए समग्र कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और जिले की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में संसाधनों, चिकित्सा उपकरणों और मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने चिकित्सकों और अन्य कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। बैठक में समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव गोड, घोरावल विधायक अनिल मौर्या, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता आदि मौजूद रहे।
.jpg)