देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जिलाधिकारी के निर्देश पर विश्व योग दिवस के अवसर पर शनिवार को जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में वृहद स्वच्छता एवं सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सार्वजनिक स्थलों, मुख्य मार्गों, नालियों, विद्यालय परिसरों, पंचायत भवनों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की साफ-सफाई कर स्वच्छ वातावरण बनाने का प्रयास किया गया।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं पंचायती राज विभाग के तत्वावधान में आयोजित अभियान के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने तथा गांवों को साफ, सुंदर और स्वस्थ रखने का संदेश दिया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। अभियान में जनप्रतिनिधियों, पंचायत कर्मियों, स्वयं सहायता समूहों, स्वच्छाग्रहियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए श्रमदान किया। विभिन्न ग्राम पंचायतों में सामूहिक सफाई कर स्वच्छ ग्राम-स्वस्थ ग्राम की अवधारणा को साकार करने का संकल्प लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि योग से जहां शरीर स्वस्थ रहता है, वहीं स्वच्छता से समाज स्वस्थ और सुरक्षित बनता है। इसलिए योग और स्वच्छता दोनों को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर विकसित एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देना आवश्यक है। अभियान के दौरान जनपद भर में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश भी दिया गया।
.jpg)