देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर (सोनभद्र)। चंदौली जनपद के नौगढ़ क्षेत्र के 20 गांवों से आए करीब 100 युवक-युवतियों ने शनिवार को म्योरपुर ब्लॉक स्थित गोविंदपुर के बनवासी सेवा आश्रम का भ्रमण कर ग्राम स्वराज्य, स्वावलंबन और जैविक खेती की अवधारणा को नजदीक से समझा। मानव सेवा केंद्र के माध्यम से आयोजित इस शैक्षिक भ्रमण में युवाओं ने चरखा, सूती खादी निर्माण, घानी से तेल पेराई, अगरबत्ती एवं साबुन निर्माण जैसी ग्रामीण आजीविका गतिविधियों का अवलोकन किया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं के साथ संवाद करते हुए शुभा प्रेम ने स्त्री-पुरुष समानता पर जोर देते हुए कहा कि सामाजिक बदलाव की शुरुआत घर से होती है। उन्होंने युवाओं को घरेलू कार्यों में सहभागिता बढ़ाने, भाई-बहनों के बीच समान व्यवहार अपनाने तथा आपसी सम्मान की भावना विकसित करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि लड़कों को भी घर के कामकाज, बर्तन धोने और खाना बनाने जैसे कार्य सीखने चाहिए, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। संवाद सत्र में घरू बगिया, जैविक खेती, कंपोस्ट खाद, ग्राम स्वावलंबन और सामुदायिक विकास जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। आश्रम के देवनाथ भाई ने प्रतिभागियों को आश्रम की विभिन्न गतिविधियों एवं ग्रामीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। इस अवसर पर जे.एन. सिंह, हंसराज यादव, अरविंद विश्वकर्मा, अरुण सिंह, संगीता, अर्चना, अंजू सहित आश्रम के सुरेश, मनीष, नीता, कृष्णा, अशोक, शिवनारायण, प्रेमदयाल समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर ग्रामीण विकास मॉडल से परिचित कराना तथा सामाजिक समरसता और समानता के प्रति जागरूक बनाना रहा।
.jpg)