विमंस टी20 विश्व कप 2026 के छठे मैच में भारतीय टीम से हार के बाद पाकिस्तान महिला टीम को एक और झटका लगा है। रविवार को बर्मिंघम में खेले गए मुकाबले में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम ने पाकिस्तान को 64 रन से शिकस्त दी थी। अब स्लो ओवर-रेट के लिए पाकिस्तान पर उनकी मैच फीस का 5 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। आईसीसी ने इसकी जानकारी दी।
एक ओवर कम फेंक पाई
आईसीसी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, रविवार को बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेले गए ICC महिला T20 वर्ल्ड कप के ग्रुप A मैच में भारत के खिलाफ धीमी ओवर-रेट बनाए रखने के कारण पाकिस्तान पर उनकी मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। समय की छूट को ध्यान में रखने के बाद भी पाकिस्तान द्वारा तय लक्ष्य से एक ओवर कम फेंकने की बात सामने आने पर एमिरेट्स ICC इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरी की ट्रुडी एंडरसन ने यह जुर्माना लगाया।
पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया
आईसीसी की खिलाड़ियों और सपोर्ट कर्मचारियों के लिए आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के अनुसार (जो न्यूनतम ओवर-रेट उल्लंघनों से संबंधित है) खिलाड़ियों पर प्रत्येक ओवर के लिए उनकी मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है। अगर उनकी टीम निर्धारित समय में गेंदबाजी करने में विफल रहती है।
पाकिस्तान महिला टीम की कप्तान फातिमा सना ने अपराध स्वीकार कर लिया और प्रस्तावित दंड को मान लिया, इसलिए औपचारिक सुनवाई नहीं होगी। बता दें कि ऑनफील्ड अंपायर क्लेयर पोलोसाक और जैकलिन विलियम्स, तीसरे अंपायर एलोइस शेरिडन और चौथे अंपायर सू रेडफर्न ने यह आरोप लगाया था।
मुकाबले का हाल
मुकाबले की बात करें तो स्मृति मंधाना (68) के अर्धशतक के बाद कप्तान हरमप्रीत कौर (36) और विकेटकीपर ऋचा घोष (34) की पारियों की बदौलत भारतीय टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 170 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान टीम 106 रन पर ढेर हो गई थी। दीप्ति शर्मा ने 5 विकेट चटकाए थे, वह मुकाबले की हीरो रही थीं।
