देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। नगर क्षेत्र में लंबे समय से प्रतीक्षित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य को लेकर बुधवार को जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में निर्माण कार्य के दौरान आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी ने कहा कि लगभग 70 वर्षों से क्षेत्र की जनता जिस ओवरब्रिज की मांग कर रही थी, उसे भाजपा सरकार ने धरातल पर उतारने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि ओवरब्रिज बनने से करीब चार लाख से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी और आवागमन सुगम होने से व्यापार, रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि राबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र के लोगों को यह एक बड़ी सौगात है। वर्षों से लोगों को रेलवे क्रॉसिंग पर घंटों इंतजार करना पड़ता था, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होती थी। ओवरब्रिज बनने के बाद यह समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। बैठक में विधायक भूपेश चौबे, रेलवे विभाग के अधिकारी, उप जिलाधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों पर विचार-विमर्श किया। सहमति बनी कि निर्माण कार्य में तेजी लाने से पहले वैकल्पिक मार्ग तैयार कर उन्हें चालू किया जाएगा, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में यह भी चर्चा हुई कि निर्माण एजेंसी द्वारा कार्य प्रारंभ करने की प्रक्रिया में जनता की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया था, जिससे लोगों में असंतोष की स्थिति बन रही थी। अब सभी पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद निर्माण कार्य को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि ओवरब्रिज के दोनों ओर पार्किंग स्थल विकसित करने की भी योजना बनाई गई है, जिससे यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम हो सके। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाएगा।
.jpg)