आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय स्तर पर संचालित किए जा रहे महत्वपूर्ण अभियान “छात्रों की गूंज” के तहत 25 जून को देश के विभिन्न शहरों में वरिष्ठ नेताओं द्वारा पत्रकार वार्ताओं का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए उनकी आवाज़ को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना है।
इसी क्रम में कांग्रेस नेतृत्व ने वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक नदीम जावेद को बिहार के पूर्णिया में आयोजित होने वाली पत्रकार वार्ता को संबोधित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी नेताओं का मानना है कि नदीम जावेद के अनुभव और नेतृत्व क्षमता से छात्रों एवं युवाओं के मुद्दों को प्रभावी ढंग से देश के सामने रखा जा सकेगा।
कांग्रेस के इस अभियान का मुख्य फोकस शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता, युवाओं के भविष्य और छात्र हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर जनमत तैयार करना है। पार्टी का कहना है कि वर्तमान समय में युवाओं और छात्रों के सामने कई चुनौतियां हैं, जिनके समाधान के लिए उनकी आवाज़ को मजबूती से उठाने की आवश्यकता है।
इस अभियान के साथ ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘दिल्ली चलो’ आह्वान को सफल बनाने के लिए भी संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पार्टी कार्यकर्ता गांव, कस्बों और शहरों में जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक युवाओं और छात्रों को जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता सत्यवीर सिंह ने अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता छात्रों और युवाओं की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि “छात्रों की गूंज” केवल एक राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि देश के युवाओं के अधिकारों, बेहतर शिक्षा व्यवस्था, रोजगार के अवसरों और उज्ज्वल भविष्य की लड़ाई है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह अभियान छात्रों और युवाओं के बीच व्यापक जागरूकता पैदा करेगा तथा उनके मुद्दों को राष्ट्रीय विमर्श का हिस्सा बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
