आमिर, देवल ब्यूरो ,चंदवक, जौनपुर। थाना क्षेत्र के देवलासपुर गांव के पास मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार अज्ञात कार की टक्कर से ऑटो पलट गया, जिससे चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को ऑटो से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार केराकत कस्बा निवासी विवेक कुमार अपने ऑटो से दो सवारियों को लेकर केराकत की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनका ऑटो मुसहरिया के समीप पहुंचा, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा और पलट गया।
हादसे में ऑटो चालक विवेक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि ऑटो में सवार सतीश कुमार और रमेश राम को हल्की चोटें आईं। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घायलों को ऑटो से बाहर निकालकर प्राथमिक सहायता प्रदान की। गंभीर रूप से घायल विवेक कुमार को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केराकत भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत चिंताजनक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
.jpeg)