कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जलालपुर तहसील क्षेत्र के कटघर मूसा में मंगलवार को अंजुमन गुंचा-ए-हुसैनी की जानिब से सात मुहर्रम का पारंपरिक जुलूस अकीदत और एहतेराम के साथ निकाला गया। पूरे गांव में गमगीन माहौल के बीच निकले जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत कर हजरत इमाम हुसैन और उनके साथियों की शहादत को याद किया। जुलूस का आगाज इमामिया मस्जिद (बड़े चौक) से हुआ, जहां से अलम, ताबूत और दुलदुल को लेकर श्रद्धालु अपने कदीमी रास्तों पर रवाना हुए। जुलूस में महिलाओं, युवाओं तथा छोटे-छोटे बच्चों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। अकीदतमंदों ने अलम और ताबूत की जियारत कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। दौराने जुलूस बीबी जेया की मजार के समीप आयोजित मजलिस में सैयद हसन अस्करी नवेद ने जनाबे कासिम (अ.स.) के हालात और कर्बला के दर्दनाक वाकये पर आधारित तारीखी मसाएब बयान किए। उनके भावुक बयान को सुनकर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और पूरा माहौल गम में डूब गया। जुलूस अपने पारंपरिक मार्गों से होता हुआ देर शाम गांव स्थित कर्बला पहुंचा, जहां विभिन्न धार्मिक रस्मों के साथ कार्यक्रम सकुशल संपन्न हुआ। जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सम्मनपुर पुलिस के जवान मुस्तैद रहे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन एवं पुलिस की व्यवस्था की सराहना की।
या हुसैन की सदाओं के बीच गम और अकीदत से निकला कटघर मूसा में 7 मोहर्रम का जुलूस
जून 24, 2026
0
Tags
