कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड में जान गंवाने वाले छात्रों की स्मृति में मंगलवार शाम अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल द्वारा श्रद्धांजलि स्वरूप कैंडल मार्च निकाला गया। मार्च में बड़ी संख्या में व्यापारियों, युवाओं और छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लेकर दिवंगत विद्यार्थियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कैंडल मार्च न्यौरी चौराहे से शुरू होकर लगभग एक किलोमीटर तक निकाला गया। हाथों में जलती मोमबत्तियां लिए लोग मौन भाव से आगे बढ़ते रहे। पूरे मार्ग में शोक और संवेदना का माहौल बना रहा। उपस्थित लोगों ने हादसे में असमय काल के गाल में समा गए छात्रों को याद करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
मार्च का नेतृत्व अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शिव कुमार गुप्ता एवं युवा अध्यक्ष न्यौरी अनीस मसूदी ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्रतिभाशाली छात्रों की इस तरह दर्दनाक मौत पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाना चाहिए।
इस अवसर पर अध्यक्ष सुरेश अग्रहरि, उपाध्यक्ष डॉ. आसिम अबूजर फारूकी, भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष गोविंद साहब विनय सिंह, भाजपा नेता रामयश भारती, मेला अध्यक्ष गोविंद साहब भौमेंद्र सिंह उर्फ पप्पू, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष श्रीप्रकाश गुप्ता उर्फ प्रद्युम्न, काशिफ फारूकी, जैद फारूकी, फिरोज हाशमी, ग्राम प्रधान तिघरा वेद प्रकाश उर्फ पिंटू, ग्राम प्रधान अमोला दयाशंकर भारतीय अखिलेश मौर्य सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कैंडल मार्च के समापन पर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत छात्रों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
