आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर, 21 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सद्भावना क्लब, जौनपुर द्वारा शिया कॉलेज परिसर में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सद्भावना क्लब के अध्यक्ष डॉ. विवेकानंद मौर्य ने की तथा संचालन एवं योगाभ्यास का नेतृत्व योग गुरु नागेंद्र यादव ने किया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। इस अवसर पर अध्यक्ष डॉ. विवेकानंद मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और स्वस्थ जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है तथा व्यक्ति का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने सभी से अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष डॉ. एम. पी. बरनवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग का महत्व और भी बढ़ गया है। योग शरीर को स्वस्थ, मन को एकाग्र तथा जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए, जिससे स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण हो सके।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष डॉ. अलमदार नज़र, हफीज़ शाह, श्रावण साहू, नरसिंह अवतार जायसवाल, निवर्तमान अध्यक्ष मोहम्मद रज़ा खान, चंद्रेश मौर्या, सैय्यद काज़िम मूसा हमज़ा सहित अनेक गणमान्य लोग एवं क्लब सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने तथा योग के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
.jpeg)