आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जनपद जौनपुर योगमय हो उठा। जिले की सभी तहसीलों, विकास खंडों, नगर क्षेत्रों और ग्राम पंचायतों में बड़े पैमाने पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे जनपद में योग के प्रति लोगों का उत्साह देखने लायक रहा।
विकास खंड मुफ्तीगंज में पूर्व विधायक दिनेश चौधरी की उपस्थिति में योग शिविर आयोजित किया गया, जबकि बदलापुर के बहरा पार्क में विधायक रमेश चंद्र मिश्रा तथा अटल पार्क में मुख्य विकास अधिकारी की मौजूदगी में सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। रामपुर में विधायक आर.के. पटेल और जलालपुर में जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में योग दिवस कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इसी क्रम में सुइथाकला में विधायक रमेश सिंह ने योग शिविर में प्रतिभाग कर विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। सिकरारा में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि, अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक योग किया। मछलीशहर में पूर्व सांसद बी.पी. सरोज की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित हुआ, जबकि खुटहन में ब्लॉक प्रमुख, जिला प्रोबेशन अधिकारी तथा अन्य अधिकारियों ने योगाभ्यास कर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रमों में प्रशिक्षित योगाचार्यों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। साथ ही योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने नियमित योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प भी लिया।
योग सप्ताह के दौरान जनपद में अभूतपूर्व जनसहभागिता देखने को मिली। 15 जून से 20 जून तक आयोजित योग सप्ताह में जिले भर के विभिन्न कार्यक्रमों में कुल 6 लाख 71 हजार 370 लोगों ने भागीदारी की। इनमें जनपद स्तर पर 20,122, तहसील स्तर पर 53,330, विकास खंड स्तर पर 95,608 तथा ग्राम पंचायत स्तर पर 5,02,310 प्रतिभागी शामिल रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी योग के प्रति बढ़ती जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जनसामान्य के सकारात्मक रुझान को दर्शाती है। पूरे जनपद में योग दिवस के कार्यक्रम उत्साह, अनुशासन और जनसहभागिता के साथ संपन्न हुए।
