देवल, ब्यूरो चीफ, आजमगढ़। सोशल मीडिया पर वायरल मारपीट और दबंगई के वीडियो का संज्ञान लेते हुए कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत बाइक पर तीन सवारी कर दबंगई का प्रदर्शन करने वाले तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है, जबकि उनकी मोटरसाइकिल को सीज कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 20 जून को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें तीन युवक एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते और दबंगई दिखाते नजर आ रहे थे। वीडियो से आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल बनने की आशंका को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
जांच के दौरान वीडियो में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UP50BK8664 की पहचान कर उसे सीज कर दिया गया। साथ ही वीडियो में दिखाई देने वाले तीनों युवकों आदर्श चौहान निवासी कोडर अजमतपुर, कुंजेश जायसवाल निवासी कोल बाजबहादुर तथा सत्यम गुप्ता निवासी फरासटोला को चिन्हित कर हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ आवश्यक निरोधात्मक एवं विधिक कार्रवाई की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आदर्श चौहान और कुंजेश जायसवाल के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति, दबंगई, स्टंटबाजी और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
ऑपरेशन वज्रपात: आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले युवक पर पुलिस की कार्रवाई
आजमगढ़। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित कर गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रयास के आरोप में देवगांव पुलिस ने एक युवक के खिलाफ कार्रवाई की है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन वज्रपात” अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान एक आपत्तिजनक पोस्ट संज्ञान में आई। जांच के बाद अमित कुमार पुत्र राम बचन निवासी रेवसा थाना देवगांव को चिन्हित किया गया। आरोप है कि उसने सोशल मीडिया पर ऐसी सामग्री प्रसारित की, जिससे समाज में गलत संदेश जाने और गैंग संस्कृति को बढ़ावा मिलने की आशंका थी।
देवगांव पुलिस ने अमित कुमार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 170, 126 और 135 के तहत विधिक कार्रवाई की है। साथ ही उसे सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की सलाह देते हुए भविष्य में इस प्रकार की पोस्ट न करने की सख्त चेतावनी दी गई।
पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से कानून-व्यवस्था प्रभावित करने, गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने अथवा समाज में भय और भ्रम फैलाने वालों के खिलाफ “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
