आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। नगर के चितरसारी स्थित ख़ास हौज़ के मध्य बने टापू पर विराजमान हजरत शहंशाह बाबा का सालाना उर्स शुक्रवार को धार्मिक श्रद्धा, उत्साह और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ। उर्स के अवसर पर नगर तथा आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अकीदतमंद दरगाह पहुंचे और बाबा की मजार पर चादर चढ़ाकर अमन, खुशहाली और तरक्की की दुआएं मांगीं।
उर्स के दौरान दरगाह परिसर पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया। श्रद्धालुओं का जत्था गाजे-बाजे के साथ दरगाह पहुंचा, जहां पारंपरिक तरीके से चादरपोशी की रस्म अदा की गई। कव्वालों ने सूफियाना कलाम पेश कर महफिल को रूहानी रंग से सराबोर कर दिया। कव्वाली सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग देर तक मौजूद रहे और बाबा की शान में पेश किए गए कलामों का आनंद लिया।
आयोजन के दौरान विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोगों की सहभागिता देखने को मिली, जिसने गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द की मिसाल पेश की। श्रद्धालुओं ने मजार पर फूल अर्पित कर अपनी मुरादों की पूर्ति की कामना की। इसके पश्चात उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद एवं तबर्रुक का वितरण किया गया।
उर्स समारोह में पूर्व सांसद विद्यासागर सोनकर सहित अनेक सामाजिक एवं राजनीतिक हस्तियों ने शिरकत की। उन्होंने दरगाह पर पहुंचकर चादरपोशी की और क्षेत्र में शांति, सद्भाव और विकास के लिए दुआ की। इस अवसर पर अच्छेलाल, धनराज, केतन गुप्ता, कांग्रेस नगर अध्यक्ष आरिफ खान, सभासद शाहनवाज मंजूर, अनुज, ललित कुमार, अजय कुमार, राकेश कुमार यादव समेत कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य आयोजक राजकुमार गुप्ता ने उर्स को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शहंशाह बाबा का उर्स वर्षों से आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देता आ रहा है तथा भविष्य में भी यह परंपरा इसी तरह जारी रहेगी।
.jpeg)