आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में औद्योगिक विकास, व्यापारिक गतिविधियों तथा विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान विशेष रूप से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना एवं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत परियोजनाओं और लाभार्थियों को दिए जा रहे ऋण एवं अन्य सुविधाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की अद्यतन जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिया कि पात्र युवाओं को योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि स्वरोजगार योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। इसलिए आवेदन पत्रों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न किया जाए और बैंक तथा संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ लंबित मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक में उद्योग एवं व्यापार से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने तथा निवेश एवं रोजगार को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि तथा उद्योग एवं व्यापार से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे।
