आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में सोमवार से संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पीयूकैट-2026) का शुभारंभ हुआ। पहले दिन विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाएं तीन पालियों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, पारदर्शी निगरानी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुईं। परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और सभी केंद्रों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुचिता के साथ संपन्न कराई जाए तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
परीक्षा समन्वयक प्रो. मिथिलेश सिंह ने बताया कि पहली पाली में डी. फार्मा और बीटेक की विभिन्न शाखाओं की प्रवेश परीक्षा आयोजित हुई। डी. फार्मा में 224 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 172 तथा बीटेक में 375 में से 293 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। दूसरी पाली में बीसीए की परीक्षा हुई, जिसमें 481 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 406 ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
तीसरी पाली में बीए एलएलबी और बीबीए पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। बीए एलएलबी में 387 में से 307 तथा बीबीए में 180 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 158 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। सभी पालियों में कुछ अभ्यर्थी अनुपस्थित भी रहे।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। पूरे दिन परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और किसी भी केंद्र से अव्यवस्था अथवा अन्य किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
