आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। लायंस क्लब जौनपुर गोमती की ओर से सत्र 2025-26 के समापन अवसर पर नगर के एक प्रतिष्ठित होटल के सभागार में भव्य अवार्ड नाइट समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्लब के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सदस्यों और पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. अर्पण धर दुबे एवं विशिष्ट अतिथि वंदना दुबे ने मेल्विन जोन्स के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। क्लब अध्यक्ष डॉ. राजेश मौर्या ने अतिथियों और सदस्यों का स्वागत करते हुए पूरे सत्र में मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इसके बाद मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, रीजन चेयरपर्सन प्रतिमा गुप्ता तथा जोन चेयरपर्सन धर्मेंद्र प्रसाद गुप्ता को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में क्लब के मेल्विन जोन्स फेलो (एमजेएफ) सदस्यों तथा पूर्व अध्यक्षों को उनके योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वहीं क्लब अध्यक्ष डॉ. राजेश मौर्या एवं प्रथम महिला डॉ. रश्मि मौर्या ने पूरे सत्र में सक्रिय सहयोग देने वाले सभी सदस्यों को प्रेसीडेंशियल अवॉर्ड प्रदान किया। कोषाध्यक्ष नूपुर सिंह ने समय पर सदस्यता शुल्क जमा करने वाले सदस्यों को गुड पे मास्टर अवॉर्ड से सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि डॉ. अर्पण धर दुबे ने कहा कि सम्मान समारोह जैसे आयोजन किसी भी संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब जौनपुर गोमती ने सेवा कार्यों के माध्यम से पूरे मंडल में अपनी अलग पहचान बनाई है। विशिष्ट अतिथि वंदना दुबे ने भी क्लब की सामाजिक गतिविधियों की सराहना करते हुए पूरी टीम को सफल सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन चीफ डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर मनीष गुप्ता ने किया, जबकि सचिव खुशबू गुप्ता ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में क्लब के पदाधिकारी, पूर्व अध्यक्ष, सदस्य एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
.jpeg)