आमिर, देवल ब्यूरो ,शाहगंज । जौनपुर शासन की मंशा के अनुरूप आयोजित वन डे गवर्नेंस कार्यक्रम के तहत तहसील शाहगंज में उपजिलाधिकारी कुणाल गौरव की अध्यक्षता में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित समाधान का प्रयास किया।
जनसुनवाई में राजस्व, कृषि, विकास, स्वास्थ्य, नगर निकाय, खाद्य एवं रसद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। लोगों ने भूमि विवाद, राशन, स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि संबंधी समस्याओं, पेंशन, आवास एवं अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़े प्रकरण अधिकारियों के समक्ष रखे।
उपजिलाधिकारी कुणाल गौरव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव था, उनका तत्काल निस्तारण कराया गया, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को सौंपकर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी और पात्र लाभार्थियों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। वन डे गवर्नेंस के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े।:::
