देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। दुद्धी तहसील क्षेत्र के राजकीय आस्थान विद्यालय दुद्धी की सेवानिवृत्त सहायक अध्यापिका पुष्पा देवी ने सेवा अवधि के दौरान कटे एनपीएस (नेशनल पेंशन सिस्टम) एवं अन्य देयकों के भुगतान की मांग को लेकर तहसील दिवस में जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
प्रार्थना पत्र में 62 वर्षीय शिक्षिका ने बताया कि उनकी नियुक्ति वर्ष 2011 में हुई थी तथा 31 मार्च 2025 को अधिवर्षता आयु पूर्ण होने पर वह सेवानिवृत्त हो गईं। आरोप है कि सेवानिवृत्ति के डेढ़ वर्ष बाद भी उन्हें सेवा अवधि के दौरान देय एनपीएस राशि एवं अन्य वित्तीय लाभों का भुगतान नहीं किया गया है, जबकि नियमानुसार सेवानिवृत्ति के बाद निर्धारित समयावधि में सभी देयकों का भुगतान किया जाना चाहिए। पुष्पा देवी ने कहा कि बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षकों की भांति राजकीय आस्थान विद्यालयों के शिक्षकों को भी चयनित वेतनमान सहित अन्य लाभ दिए जाने का प्रावधान है, लेकिन विभागीय स्तर पर शासनादेशों का पूर्ण अनुपालन नहीं किया गया। इसके कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि बकाया भुगतान लंबित होने से उन्हें गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के समाधान के लिए वह पिछले लंबे समय से विभागीय कार्यालयों एवं तहसील के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। सेवानिवृत्त शिक्षिका ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए शासनादेशों के अनुरूप सभी लंबित देयकों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय पर भुगतान न मिलने से उन्हें मानसिक एवं आर्थिक दोनों प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
.jpg)