देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर, सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग का एक मामला रविवार को आपसी सहमति और सामाजिक समझौते के साथ सुलझ गया। गर्भवती युवती की शिकायत के बाद दोनों पक्षों के परिजनों और गांव के संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में हुई वार्ता के पश्चात युवक और युवती को पति-पत्नी के रूप में स्वीकार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र की एक युवती ने शुक्रवार को थाने में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि क्षेत्र के ही एक युवक से उसका करीब चार वर्षों से प्रेम संबंध था। युवती का कहना था कि दोनों के बीच घनिष्ठ संबंध बने और वह गर्भवती हो गई। इसके बाद युवक उससे दूरी बनाने लगा। युवती ने आरोप लगाया कि जब वह युवक के घर पहुंची तो उसे देखते ही युवक वहां
से चला गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, युवती का पूर्व में विवाह हो चुका था, लेकिन बाद में उसका तलाक हो गया था। इसके बाद वह अपने प्रेमी के साथ जीवन बिताने की इच्छा रखती थी। युवती का दावा था कि युवक ने उससे विवाह का वादा किया था और साथ रहने का भरोसा दिलाया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने युवक को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। इसी बीच रविवार को दोनों पक्षों के परिजनों तथा गांव के सम्मानित लोगों की मौजूदगी में बातचीत हुई। लंबे विचार-विमर्श के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया। समझौते के तहत युवक और युवती ने एक-दूसरे को पति-पत्नी के रूप में स्वीकार किया, वहीं दोनों परिवारों ने भी उन्हें बहू और दामाद के रूप में मान्यता देने पर सहमति जताई। मामले की पुष्टि करते हुए श्यामदेव यादव ने बताया कि दोनों पक्षों ने बिना किसी दबाव के आपसी सहमति से समझौता किया है और अब दोनों साथ रहने के लिए राजी हैं। इस समझौते के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना यह मामला शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया।
.jpg)