देवल, ब्यूरो चीफ,शक्तिनगर, सोनभद्र। शक्तिनगर पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कोयला परिवहन कर रहे एक ट्रेलर को पकड़ते हुए चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र राय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, रविवार को मुखबिर की
सूचना पर चौकी बीना क्षेत्र के ग्राम जमसीला स्थित शनि मंदिर के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान ट्रेलर वाहन, जिस पर यूपी-64 एच-8337 नंबर अंकित था, को रोककर उसके दस्तावेजों की जांच की गई। वाहन में लदे कोयले से संबंधित अभिलेखों का सत्यापन करने के बाद चेसिस नंबर को ई-परिवहन पोर्टल पर जांचा गया। जांच में वाहन की वास्तविक पंजीयन संख्या यूपी-64 एटी-5675 पाई गई। पुलिस जांच में सामने आया कि वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसकी वास्तविक पहचान छिपाते हुए कोयले का परिवहन किया जा रहा था। इस संबंध में थाना शक्तिनगर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 336 (2), 336 (3), 340 (2) एवं 318 (4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मौके से अनिल कुमार सोनी (48 वर्ष) पुत्र बाल गोविंद सोनी निवासी परासी, थाना शक्तिनगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से कोयला लदा ट्रेलर बरामद किया गया, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र राय, चौकी प्रभारी बीना उपनिरीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव एवं कांस्टेबल सत्यम सरोज शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
.jpg)