देवल, ब्यूरो चीफ,चोपन, सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के सलखन चौकी अंतर्गत बैरीहवा टोला में रविवार सुबह एक अधेड़ का शव पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बैरीहवा टोला निवासी धर्मेंद्र उर्फ पौड़ी (45) पुत्र देवीदयाल का शव रविवार सुबह गांव के मुख्य संपर्क मार्ग के समीप एक बबूल के पेड़ से लटका हुआ मिला। बताया जाता है कि उन्होंने लुंगी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। सुबह ग्रामीणों की नजर पेड़ से लटक रहे शव पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही चोपन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मौजूदगी में शव को नीचे उतरवाया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक अपने पीछे पांच पुत्र और दो पुत्रियों सहित सात बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस के अनुसार आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। बैरीहवा टोला में हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है और लोग घटना के कारणों को लेकर चर्चा कर रहे हैं।
.jpg)