**प्रेस विज्ञप्ति**
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।ग्रामीण किसानों को कृषि एवं पशुपालन आधारित योजनाओं से जोड़ने तथा वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रूधा, मालीपुर में "किसान समृद्धि एवं वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन बैंक ऑफ बड़ौदा तथा अशुतोष मिश्र, आईपीएस, पुलिस मुख्यालय एवं इंदिरा मिश्र के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देवेंद्र पांडेय, आईएएस, विशेष सचिव, पशुधन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार रहे। विशिष्ट अतिथियों में शैलेन्द्र सिंह, आंचलिक प्रबंधक (जोनल मैनेजर), बैंक ऑफ बड़ौदा एवं एसएलबीसी संयोजक, लखनऊ, मिहिर कुमार झा, क्षेत्रीय प्रबंधक, बैंक ऑफ बड़ौदा, अम्बेडकरनगर, अभय कुमार, क्षेत्रीय व्यवसाय प्रमुख तथा कमलेश भास्कर, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम), अम्बेडकरनगर उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि देवेंद्र पांडेय ने किसानों एवं पशुपालकों को राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विशेष रूप से राष्ट्रीय पशुधन मिशन (NLM), नंदिनी योजना एवं अन्य पशुधन विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों को आय वृद्धि के लिए इन योजनाओं का अधिकतम उपयोग करने का आह्वान किया।
शैलेन्द्र सिंह ने किसानों को बैंकिंग सेवाओं एवं डिजिटल माध्यमों के उपयोग के प्रति जागरूक करते हुए बैंक ऑफ बड़ौदा की "कृषिका ऐप" के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस ऐप के माध्यम से किसान घर बैठे ऑनलाइन ऋण आवेदन कर सकते हैं तथा बिना किसी अनावश्यक परेशानी के बैंकिंग सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से अपने वर्तमान किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) खातों का समय पर नवीनीकरण कराने का भी आग्रह किया, जिससे वे निरंतर ऋण एवं अन्य लाभकारी सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को वित्तीय साक्षरता, कृषि ऋण, पशुपालन, सरकारी योजनाओं तथा डिजिटल बैंकिंग सेवाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। उपस्थित किसानों ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करते हुए विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्न भी पूछे।
कार्यक्रम का समापन अग्रणी जिला प्रबंधक द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों, अधिकारियों, किसानों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी व्यक्तियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
