आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। शासन की स्थानांतरण नीति के तहत पुलिस विभाग में किए गए प्रशासनिक फेरबदल के क्रम में जौनपुर जनपद को दो नए पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) मिले हैं। वहीं जिले में तैनात दो सीओ का अन्य जनपदों में स्थानांतरण कर दिया गया है। इस बदलाव के बाद पुलिस महकमे में नई जिम्मेदारियों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
जारी स्थानांतरण सूची के अनुसार शाहजहांपुर में तैनात पुलिस उपाधीक्षक अजय कुमार राय तथा बागपत में कार्यरत पुलिस उपाधीक्षक विजय कुमार चौधरी को जौनपुर जनपद में नई तैनाती दी गई है। दोनों अधिकारी जल्द ही अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे।
वहीं जौनपुर में तैनात क्षेत्राधिकारी केराकत अजीत सिंह चौहान का स्थानांतरण चंदौली जनपद कर दिया गया है। इसके अलावा क्षेत्राधिकारी सदर देवेश सिंह को बरेली भेजा गया है। दोनों अधिकारियों ने अपने कार्यकाल के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और विभिन्न अभियानों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने बताया कि शासन के आदेश के अनुपालन में स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। नए अधिकारियों के जौनपुर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्हें आवश्यकतानुसार विभिन्न सर्किलों का प्रभार सौंपा जाएगा।
पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नए अधिकारियों के आगमन के साथ ही विभिन्न सर्किलों में कार्य व्यवस्था और जिम्मेदारियों का पुनर्गठन भी किया जाएगा। पुलिस महकमे के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच इस बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
