आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सरायख्वाजा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महाकाल गैंग से जुड़े एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपदभर में वांछित एवं सक्रिय अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सरायख्वाजा थाना पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि एक वांछित आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश कुमार यादव निवासी हटिया कुवरदा, थाना लाइनबाजार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी महाकाल गैंग से जुड़ा हुआ है और सरायख्वाजा थाने में दर्ज दो गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित चल रहा था। उसके विरुद्ध मु0अ0सं0 479/25 एवं 480/25 के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के मनोबल पर प्रभाव पड़ेगा तथा अपराध नियंत्रण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
यह सफलता प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र कुमार पांडेय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को मिली। कार्रवाई में उपनिरीक्षक बृजेश सिंह एवं हेड कांस्टेबल विजय शंकर मौर्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
.jpeg)