आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। बदलापुर कोतवाली परिसर सोमवार को उस समय रणक्षेत्र में तब्दील हो गया जब एक कथित मार्केटिंग कंपनी में निवेश को लेकर विवाद के दौरान दो पक्षों की महिलाएं आपस में भिड़ गईं। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चलने लगे। कोतवाली परिसर में हुई इस घटना से अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना में आठ महिलाओं समेत कुल नौ लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका इलाज कराया गया। पुलिस ने मामले में एक नामजद समेत 16 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
निवेश के नाम पर जोड़ने का लगाया आरोप
जानकारी के अनुसार बदलापुर खुर्द गांव निवासी संजय कुमार की पत्नी गेना देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि लगभग सात माह पूर्व सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के डेहुड़ा गांव निवासी आनंद कुमार निषाद ने स्वयं को एक निजी मार्केटिंग कंपनी का कर्मचारी बताते हुए गांव की महिलाओं और अन्य लोगों को कंपनी से जोड़ने का प्रस्ताव दिया था।
आरोप है कि उसने प्रत्येक सदस्य से 16,700 रुपये जमा कर कंपनी से जुड़ने पर हर माह पांच से दस हजार रुपये आय होने का भरोसा दिलाया। उसके झांसे में आकर गांव की कई महिलाओं और एक पुरुष ने निर्धारित धनराशि जमा कर कंपनी की सदस्यता ले ली।
अधिक लोगों को जोड़ने की बात पर बढ़ा विवाद
बताया जाता है कि रविवार शाम आनंद निषाद कुछ अन्य लोगों के साथ दोबारा गांव पहुंचा और सदस्यों से और अधिक लोगों को कंपनी से जोड़कर टीम मजबूत करने की बात कही। इस दौरान निवेशकों ने अपने रुपये और लाभ को लेकर सवाल उठाए, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। नाराज महिलाओं ने आनंद को घेर लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को बातचीत के लिए कोतवाली बुला लिया।
कोतवाली में ही भिड़ गए दोनों पक्ष
सोमवार को जब दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे तो बातचीत के दौरान महिलाओं के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों की महिलाएं एक-दूसरे पर टूट पड़ीं और जमकर मारपीट होने लगी। कोतवाली परिसर में अचानक हुए इस घटनाक्रम से वहां मौजूद लोग भी स्तब्ध रह गए।
मारपीट में गेना देवी, कमला, मालती, रीमा, नीलम, बिंदू, संजू, सुशीला तथा संदीप घायल हो गए। पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर सभी को अलग कराया और स्थिति को शांत कराया।
16 लोगों पर मुकदमा दर्ज
प्रभारी निरीक्षक फूलचंद पांडेय ने बताया कि गेना देवी की तहरीर के आधार पर आनंद कुमार निषाद सहित 16 लोगों के विरुद्ध धोखाधड़ी एवं अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली परिसर में हुई इस घटना की चर्चा पूरे क्षेत्र में बनी हुई है। वहीं पुलिस निवेश के नाम पर लोगों से धनराशि लेने के आरोपों की भी जांच कर रही है।
.jpeg)