आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। आगामी मुहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी समुएल पाल एन. तथा पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने की। बैठक में शांति समिति के सदस्यों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पर्व की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मुहर्रम के सभी जुलूस पूर्व निर्धारित एवं पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएंगे। किसी भी नई परंपरा अथवा नए मार्ग को अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि मुहर्रम के दौरान आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह सक्रिय रहें तथा एम्बुलेंस, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखा जाए।
इसके अलावा विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा लोक निर्माण विभाग एवं जल निगम को जुलूस मार्गों पर आवश्यक मरम्मत एवं सुविधाओं का कार्य समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए गए। नगर निकायों को साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने जुलूसों के दौरान स्वयंसेवकों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए नेहरू युवा केंद्र और सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही तहसील स्तर पर तैयारियों की नियमित समीक्षा करने और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने कहा कि जनपद में पूर्व में आयोजित सभी प्रमुख पर्व और धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए हैं तथा मुहर्रम भी आपसी भाईचारे और सौहार्द के वातावरण में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू नहीं होने दी जाएगी।
एसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि ताजियों की ऊंचाई और चौड़ाई निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखी जाएगी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो। पर्व के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे।
उन्होंने आम नागरिकों से प्रशासन और पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की सूचना, शिकायत अथवा आपात स्थिति में पुलिस और प्रशासन चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेगा। अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने की भी अपील की गई।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह, शांति समिति के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
