आमिर, देवल ब्यूरो ,जलालपुर ।जौनपुर थाना क्षेत्र के सिरकोनी गरहर गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिरकोनी गरहर निवासी लव यादव (40 वर्ष) पुत्र भोलानाथ यादव सोमवार सुबह लगभग 8 बजे अपने घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित पंपिंग सेट पर पानी चलाने के लिए पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही उन्होंने पंपिंग सेट की मशीन चालू करने का प्रयास किया, वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गए। तेज झटका लगने से वह मौके पर ही अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े।
कुछ देर बाद परिजनों की नजर उन पर पड़ी तो चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में परिवार के लोग उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। हालांकि हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका और उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
