आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह के पांचवें दिन एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया ने एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर समाज को जागरूकता और संवेदनशीलता का संदेश दिया। कार्यक्रम में सैकड़ों एचआईवी पॉजिटिव व्यक्तियों ने भाग लिया और नियमित योग तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया ने स्वयं प्रतिभागियों के साथ योगाभ्यास करते हुए कहा कि एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के संपर्क में रहने, उनके साथ बैठने या सामान्य व्यवहार करने से किसी प्रकार का संक्रमण नहीं फैलता है। समाज को उनके प्रति भेदभावपूर्ण दृष्टिकोण छोड़कर सहयोग और सम्मान का व्यवहार करना चाहिए।
उन्होंने एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों को संबोधित करते हुए कहा कि रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाए रखने के लिए नियमित योग, व्यायाम और सकारात्मक जीवनशैली बेहद महत्वपूर्ण है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन और आत्मविश्वास भी बढ़ाता है।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे डॉ. सुशील अग्रहरी ने बताया कि एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों को पौष्टिक एवं सुपाच्य भोजन का सेवन करना चाहिए तथा किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि संतुलित आहार और अनुशासित दिनचर्या बेहतर स्वास्थ्य की कुंजी है।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कमल ने आयुर्वेद की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आयुर्वेदिक औषधियां और स्वस्थ जीवनशैली रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को नियमित दिनचर्या अपनाने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी।
पतंजलि योग समिति उत्तर प्रदेश के सह राज्य प्रभारी अचल हरीमूर्ति तथा मुख्य योग शिक्षक अरविंद ने योग प्रोटोकॉल के अतिरिक्त विशेष योगाभ्यास और प्राणायाम कराए। उन्होंने बताया कि शरीर में रक्त संचार और प्राणवायु के प्रवाह में असंतुलन होने पर रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर पड़ जाती है। नियमित रूप से कपालभाति, भस्त्रिका, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी एवं उद्गीथ प्राणायाम का अभ्यास करने से शरीर की प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है तथा मानसिक तनाव भी कम होता है।
योग विशेषज्ञों ने एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों को सलाह दी कि वे मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, कोलेस्ट्रॉल, किडनी और लीवर संबंधी बीमारियों जैसी जीवनशैली जनित समस्याओं से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतें। नियमित योग, ध्यान, सूर्य नमस्कार और संतुलित आहार अपनाकर बेहतर स्वास्थ्य प्राप्त किया जा सकता है। साथ ही प्रदूषित जल और वायु से बचने तथा स्वच्छ वातावरण में रहने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह, भू-राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, जिला पंचायत राज अधिकारी नवीन सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेंद्र विश्वकर्मा, जिला उद्यान अधिकारी सीमा सिंह सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अंत में कार्यक्रम संयोजक एवं क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कमल ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग प्रशिक्षकों, स्वास्थ्यकर्मियों और नागरिकों ने सहभागिता कर योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया।
