आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के ढलघर टोला मोहल्ले में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को नीचे उतरवाकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ढलघर टोला निवासी 54 वर्षीय शाजिता परवीन पत्नी अबू सहमा मंगलवार को घर में अकेली थीं। उनका पुत्र किसी कार्यवश वाराणसी गया हुआ था, जबकि पति रोजमर्रा के काम से बाहर गए थे। शाम करीब सात बजे जब परिजन घर लौटे तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
अनहोनी की आशंका होने पर परिजनों ने दरवाजे के ऊपर बने जंगले से अंदर झांककर देखा तो महिला दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी हुई दिखाई दीं। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी जयदीप कोल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों की मदद से महिला को फंदे से नीचे उतारकर तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला कई घंटों तक कमरे के भीतर फंदे से लटकी रही, जिसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद मोहल्ले में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
.jpeg)