आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। अयोध्या के श्रीराम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की जांच की मांग को लेकर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि श्रीराम मंदिर देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे में मंदिर से जुड़े किसी भी प्रकार के विवाद या आरोपों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जानी चाहिए, ताकि जनता के बीच किसी प्रकार का भ्रम न रहे और तथ्य स्पष्ट रूप से सामने आ सकें।
जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी राकेश मिश्रा ने कहा कि यदि मंदिर ट्रस्ट के संचालन अथवा वित्तीय मामलों को लेकर किसी तरह के आरोप लगाए गए हैं तो उनकी स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि जांच न्यायिक निगरानी में कराई जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ खान ने कहा कि धार्मिक और सार्वजनिक संस्थानों में पारदर्शिता तथा जवाबदेही लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं का विश्वास बनाए रखने के लिए आवश्यक है कि सभी तथ्यों को निष्पक्ष रूप से सामने लाया जाए।
कार्यक्रम में महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष रेखा सिंह सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपते हुए मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।
