आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रशासन ने सुरक्षा मानकों को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में केराकत तहसील क्षेत्र में उपजिलाधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन डिजिटल लाइब्रेरी और एक कोचिंग सेंटर को सीज कर दिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि संबंधित संस्थानों में अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन निकास, सुरक्षा उपकरणों तथा अन्य आवश्यक मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। कई स्थानों पर संचालन के लिए आवश्यक अनुमतियां भी पूर्ण नहीं मिलीं, जिसके चलते प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संस्थानों को सील कर दिया।
कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल भी मौजूद रहा। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र के कोचिंग एवं डिजिटल लाइब्रेरी संचालकों में हड़कंप मच गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि बिना वैध अनुमति और निर्धारित सुरक्षा मानकों के किसी भी शिक्षण अथवा अध्ययन केंद्र का संचालन नहीं किया जा सकेगा।
एसडीएम ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के विरुद्ध आगे भी अभियान चलाकर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में व्यापक चर्चा बनी हुई है।
